मुंगेर विश्वविद्यालय मैदान में रोमांचक फाइनल, गैलेक्सी क्रिकेट क्लब ने जीता दिलजीत कप





मुंगेर विश्वविद्यालय मैदान में रोमांचक फाइनल, गैलेक्सी क्रिकेट क्लब ने जीता दिलजीत कप

Edited by Chandan Kumar

मुंगेर विश्वविद्यालय के पांच नंबर मैदान पर दिलजीत के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय दिलजीत कप क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न हुआ। फाइनल में गैलेक्सी क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिट्टू मैक्सी को 60 रनों के बड़े अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।


टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय युवाओं में काफी उत्साह देखा गया। फाइनल मैच देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।

गगन साहिल बने मैन ऑफ द सीरीज

फाइनल मुकाबले में बेहतरीन खेल के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की गई। 

मैन ऑफ द सीरीज का खिताब गगन साहिल को दिया गया, जबकि मैन ऑफ द मैच और बेस्ट कैच का पुरस्कार गगन कैच को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अपने खेल से सभी को प्रभावित किया।

सेमीफाइनल का रहा ऐसा रोमांच

इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले भी काफी रोमांचक रहे। पहले सेमीफाइनल में गैलेक्सी क्रिकेट क्लब ने मुबारक चौक की टीम को 84 रनों से एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बिट्टू मैक्सी ने ली स्पॉटिंग को 38 रनों से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया था।

केक कटिंग और दिलजीत के डांस ने जीता दिल

फाइनल मैच के ब्रेक के दौरान मैदान में ही केक कटिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। सभी मुख्य अतिथियों ने दिलजीत को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर दिलजीत ने मैदान में शानदार डांस कर मौजूद दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी मेयर खालिद हुसैन, वीरेंद्र यादव, पंचायत मुखिया प्रतिनिधि जयराज गौतम, जमालपुर रेल के पदाधिकारी गोपाल जी और राजद के कद्दावर नेता प्रमोद यादव सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।


मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में दिलजीत के पिता विश्वजीत यादव की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन के अवसर पर इस तरह खेल प्रतियोगिता का आयोजन करना बेहद सराहनीय और युवाओं को प्रेरित करने वाला कदम है।

कमेंट्री ने बांधा समां

मैच के दौरान आकाशवाणी और देश के प्रसिद्ध उद्घोषक पी.एन. शेखर ने आंखों देखा हाल सुनाकर दर्शकों को बांधे रखा। उनके साथ रोशन कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता आमिर भाई ने भी कमेंट्री में सहयोग किया। निर्णायक मंडली की भूमिका डेविड कूल और दयानंद दिनकर ने निभाई।


आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी टीमों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ